शाहजहांपुर। रेलवे ट्रैक व स्टेशन पर रील बनाने वालों पर राजकीय रेलवे पुलिस शिकंजा कसेगी। जीआरपी ने रेलवे ट्रैक की निगरानी शुरू कर दी है। इसके लिए सादे कपड़ों में पुलिस को तैनात किया गया। इसी तरह संवेदनशील स्थानों व रेलवे क्रॉसिंग पर पुलिस की ड्यूटी लगाई है।
रील के फेर में रेलवे पटरियों पर वीडियो बनाकर वायरल करने के कई मामले सामने आए हैं। मंगलवार को जीआरपी ने पूर्वाेत्तर रेलवे स्टेशन पर डांस करने वाले युवक को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया। युवक के दो वीडियो सामने आए थे। इससे पहले दो युवतियों के वीडियो वायरल हो चुके हैं।
महमंद जलालनगर के दो युवकों की रील वायरल होने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। लगातार मामले सामने आने के बाद जीआरपी ने रेलवे ट्रैक और स्टेशन की निगरानी बढ़ा दी है। जिंदगी को दांव पर लगाकर रेलवे लाइन पर वीडियो बनाने वालों को रोकने के लिए जीआरपी के सिपाही सादे कपड़ों में लगाए गए हैं। वीडियो बनाते पकड़े जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर रमाकर यादव ने बताया कि सिपाहियों को लगातार भ्रमण कर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
-
मोबाइल छीनने की आशंका, क्रॉसिंग पर सख्ती
-गोविंदगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन के पायदान पर बैठे यात्रियों से मोबाइल छीनकर भागने की सूचना को देखते हुए यहां भी सिपाही तैनात किए गए हैं। इससे मोबाइल चोरों पर शिकंजा कसा जा सकेगा।
कुली रूम को जेसीबी से गिराया
-अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सुंदरीकरण के कार्य ने तेजी पकड़ ली है। बुधवार को जेसीबी से पार्सल कार्यालय के पास कुली रूम को गिरा दिया। यहां पर बने अन्य भवन भी गिराए जाएंगे, जिससे सुंदरीकरण का कार्य पूरा हो सकें।
-
पेड़ को काटने के लिए दुकान हटाने के निर्देश
-वरिष्ठ खंड अभियंता ने कविता यादव को पत्र भेजकर बताया कि स्टेशन के मुख्य द्वार के पास भारी-भरकम पाकड़ के पेड़ को काटा जाना है। इसलिए पेड़ के नीचे से दुकान को हटाया जाए। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर दुकान खाली करने को कहा है।