शाहजहांपुर। जिले में मौसमी बीमारियों की रोकथाम और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग का दस्तक अभियान प्रारंभ हो गया। आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर मरीजों की तलाश शुरू कर दी है। अभी तक 37 बुखार के रोगी चिह्नित किए गए हैं, जिनकी खून की जांच कराई है।
संचारी रोग अभियान के तहत 11 जुलाई से दस्तक अभियान को प्रारंभ किया है। इसके तहत 2,940 आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, डेंगू, मलेरिया, क्षय रोग, कुष्ठ रोग से पीड़ित मरीजों की पहचान करेंगी। प्रत्येक घर का सर्वे कर बुखार से पीड़ित लोगों को चिह्नित किया जाएगा। ऐसे मरीजों की मलेरिया और टाइफाइड की जांच कराई जाएगी। आशा कार्यकर्ता डेंगू की रोकथाम के लिए घरों में फ्रिज के पीछे, कूलर, गमलों और अन्य स्थानों पर जमा पानी की जांच कर लार्वा नष्ट करने के लिए लोगों को जागरूक करेगी।
जिला मलेरिया अधिकारी राजीव मौर्या ने बताया कि 15 वर्ष से कम आयु के जिन बच्चों को दस्त की शिकायत मिलेगी, उन्हें दो पैकेट ओआरएस और 14 दिन के लिए जिंक की गोलियां उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा त्वचा पर धब्बे जैसे लक्षण मिलने पर कुष्ठ रोग की जांच कराई जाएगी। लंबे समय से खांसी, वजन कम होने या टीबी के लक्षण वाले लोगों की पहचान कर उन्हें जांच और उपचार के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के शुरुआती दिनों में 37 बुखार के मरीज चिह्नित किए गए हैं। अब तक किसी मरीज में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है।