भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। रिलायंस पावर प्लांट के पंप हाउस से मंगलवार की रात चोर करीब दस लाख रुपये कीमत के फ्लज पंप के पुर्जे खोल ले गए। सुरक्षा अधिकारियों ने स्वयं छानबीन की तो गुंवारी गांव के पास में चोरी हुए पंप के कुछ पुर्जे पड़े मिल गए। बाद में सुरक्षा अधिकारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव से एक आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर कबाड़ की दुकान से पंप के पुर्जे बरामद कर लिए। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पावर प्लांट के सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार मंगलवार की रात कारखाना की दीवार फांदकर तीन-चार चोर अंदर घुस आए। वहां ड्यूटी दे रहे सुरक्षा गार्डों से छिपते हुए चोर पंप हाउस में दाखिल हो गए। वहां उन्होंने कीमती फ्लज पंप के पुर्जे चोरी कर लिए। दीवार लांघने के बाद खेतों की ओर भाग गए।
जब इंजीनियर पंप हाउस का जायजा लेने गए तो सुरक्षा अनुभाग के अधिकारियों को सूचना दी। सुरक्षा अधिकारी शोभित शुक्ला के अनुसार वह रात में ही तहरीर लेकर थाने गए और पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। उनका आरोप है कि पुलिस ने टालमटोल कर उन्हें टरका दिया।
उन्होंने बताया कि बाद में कारखाने के सुरक्षा गार्डों के साथ स्वयं तलाश शुरू कराई। इस दौरान गुंवारी गांव के खेतों में चोरी गए पंप के कई पुर्जे पड़े मिले। गार्डों ने गांव में पूछताछ की तो चोरी करने वालों के नाम प्रकाश में आए। बाद में उनकी सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव के एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसकी निशानदेही पर कबाड़ी की दुकान से पंप बरामद होने पर कबाड़ी को भी हिरासत में लिया गया है।
आईएसजीएस कंपनी के प्रबंधक सर्वेश की ओर से दर्ज एफआईआर के मुताबिक मंगलवार को ओवरहाॅलिंग के चलते पंप के पार्ट्स खुले पड़े थे। तभी दीवार फांद कर आए गांव गुंवारी के पारस, अंकित वर्मा, अनिकेत ने पार्ट्स चोरी कर लिए। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
किराये पर रह रहे शिक्षक के बंद मकान में चोरी
निगोही। कस्बे के मोहल्ला गांधीनगर में बंद पड़े मकान में चोरी की घटना हो गई। चोरों ने किराये पर रह रहे शिक्षक के घर को निशाना बनाते हुए नकदी और जेवर चोरी कर लिए। उनके वापस आने पर चोरी की घटना की जानकारी हुई।
फर्रुखाबाद के गांव खलवारा निवासी विपिन कुमार ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह पीलीभीत जिले के पसियापुर गांव स्थित विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं। वह निगोही के मोहल्ला गांधीनगर में संतोष गुप्ता के मकान में किराये पर रहते हैं। गर्मी की छुट्टियों के दौरान वह अपने पैतृक गांव गए हुए हुए थे। बुधवार सुबह जब वापस आए तो देखा मुख्य गेट का ताला टूटा था। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखे बक्सों के भी ताले टूटे पड़े थे। उन्होंने बताया कि पांच हजार रुपये की नकदी, सोने के टॉप्स और पायल चोरी हुए हैं। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद