भावलखेड़ा। वन विभाग के उचौलिया स्थित गेस्ट हाउस से चोर चंदन का पेड़ काटकर करीब सात फुट लकड़ी ले गए। चोरी गई लकड़ी की कीमत बाजार में करीब पांच लाख रुपये आंकी जा रही है। गेस्ट हाउस में वन रक्षकों और चौकीदारों की 24 घंटे तैनाती के बावजूद चोरी होना विभागीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
बताया जा रहा है कि करीब तीन दिन पहले चोर गेस्ट हाउस परिसर में लगे चंदन के पेड़ को तने से काटकर लकड़ी ले गए। शुरुआत में मामले को दबाने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई शुरू हुई।
वन क्षेत्राधिकारी सदर शत्रुघ्न प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर तैनात कर्मचारियों से पूछताछ की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, लेकिन पेड़ की लकड़ी ले जाते हुए कोई संदिग्ध कैमरे में नजर नहीं आया।
वन विभाग ने अज्ञात चोरों के खिलाफ विभागीय केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका और जवाबदेही भी तय की जाएगी। संवाद
-
वन विभाग के गेस्ट हाउस से चंदन का पेड़ काटकर चोरी किया जाना गंभीर मामला है। विभागीय केस दर्ज कर लिया गया है। ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी। जांच जारी है। -सचिन कुमार, वन प्रभागीय अधिकारी, शाहजहांपुर