मीरानपुर कटरा क्षेत्र में बारिश के बीच चोरों ने दो प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। गुनगुन राइस मिल से करीब तीन लाख रुपये का कॉपर और एल्युमिनियम तार चोरी हुआ। वहीं, मदीना इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के गोदाम से करीब ढाई लाख रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी हो गया।
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा क्षेत्र में बारिश के बीच चोरों ने दो प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गुनगुन राइस मिल में चार जगह नकब लगाकर करीब तीन लाख रुपये का कॉपर और एल्युमिनियम तार चोरी किया गया। वहीं, मीरानपुर कटरा-जलालाबाद राज्यमार्ग स्थित मदीना इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के गोदाम से करीब ढाई लाख रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी हो गया।
विज्ञापन
तिलहर क्षेत्र के निजामगंज निवासी अमन गुप्ता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि ग्राम बतलइय्या स्थित उनकी गुनगुन राइस मिल में चोर पीछे की दीवार में चार स्थानों पर नकब लगाकर घुसे। चोरों ने गोदाम और मशीनरी हॉल के ताले तोड़कर मशीनरी में तोड़फोड़ की और करीब तीन लाख रुपये का कॉपर व एल्युमिनियम तार समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। चौकीदार गोपाल और रामौतार को घटना की जानकारी सुबह हुई।
इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के गोदाम में चोरी
दूसरी घटना में बंगशान की रामनगर कॉलोनी निवासी सादिक अली ने बताया कि ग्राम फीलनगर में स्थित मदीना इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के गोदाम का ताला तोड़कर चोर आठ रेफ्रिजरेटर, सात वाशिंग मशीन, दस कूलर, पानी की मोटर और नल का हत्था समेत करीब ढाई लाख रुपये का सामान ले गए। पास के निर्माणाधीन मकान से भी पानी की मोटर चोरी हुई। चौकीदार सत्यपाल गंगवार को सुबह घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर जांच की और इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के पास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीओ तिलहर विदुष सक्सेना ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।