पुवायां में मीडिया से बात करते उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा
पुवायां। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने कहा कि ऑनलाइन व्यापार के विरोध में जल्द ही देशव्यापी आंदोलन दिल्ली के रामलीला मैदान में होगा। इसके लिए पूरे देशभर में व्यापारियों से संपर्क किया जा रहा है।
शनिवार को पुवायां के मोहल्ला कमलबाग में महामंत्री कपिल गुप्ता के आवास पर बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश में पहली बार ऐसा हुआ है जब प्रधानमंत्री ने लोकल फॉर वोकल का नारा देते हुए स्थानीय दुकानदारों से ही सामान खरीदने की अपील की है। आंदोलन के लिए समर्थन जुटाने को वह महाराष्ट्र और तमिलनाडु में वह घूमकर आए हैं।
ऑनलाइन व्यापार देश के लिए खतरा बना हुआ है। ऑनलाइन कंपनियों के लुभावने विज्ञापन लोगों को आकर्षित कर रहे हैं, इसके आधार पर विदेशी कंपनियां लोगों को ठगने का काम कर रही हैं। कई मंत्रियों ने भी ऑनलाइन व्यापार को खतरा बताया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जीएसटी पर संशोधनों के लिए सरकार को लगातार सुझाव दिए जाते हैं। सचल दल व्यापारियों को परेशान करता है और सरकार की भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था को पलीता लगाने का काम कर रहा है।
इससे पूर्व पुवायां के व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष का माला पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। इस मौके पर युवा इकाई अध्यक्ष धीरज शर्मा, मंगल मिश्रा, विशाल ओमर, लकी गुप्ता, अखिलेश अग्निहोत्री, सुनील बंसल, अमित कुमार, दीपक गुप्ता, दिवाकर गुप्ता आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।