शाहजहांपुर। निगोही कस्बे में पूर्वी छोर से खेतों समेत बारह राना तालाब के बरसाती पानी को समेटकर कैमुआ में गिराने वाला नाला लंबे समय से सफाई नहीं होने से गंदगी से पट चुका है। इससे आसपास के लोगों को मानसून सीजन में घरों में जलभराव होने की चिंता सता रही है।
हर साल बरसात में घरों में पानी घुस कर बाढ़ जैसे हालात पैदा कर देता है। सफाई नहीं होने से उसकी तलहटी में करीब चार फुट तक गाद जमा हो चुकी है। इस वजह से गंदा पानी आगे नहीं बढ़ रहा है। नाले की सफाई के लिए वार्ड सदस्य मुमताज शाह अधिकारियों से कई बार पत्राचार कर चुके हैं, किंतु नगर पंचायत ने नाला सफाई के लिए अभी तक कोई कार्ययोजना तैयार नहीं की है।
कस्बे के मोहल्ला अशफाकनगर के झाबर से नई बस्ती व मोहल्ला पाल बस्ती के पास से गुजरा यह नाला बारह राना के तालाब का अतिरिक्त पानी लेकर आगे बढ़ता है। इसी नाले में मिश्रीपुर गांव की ओर कस्बे के खेतों का पानी भी सिमटता है। नाला गंदगी से भरा होने से बारिश होने पर तालाब और खेतों का पानी उल्टी दिशा में घरों की ओर बढ़ने का खतरा मंडरा रहा है। पानी भरने पर सांप, बिच्छू आदि जहरीले जीव भी घरों में आ जाते हैं।
फिलहाल, नाले की गंदगी से मच्छर पनप रहे हैं। ऐसे में मच्छर जनित बीमारियां भी फैलने का अंदेशा बना हुआ है। इसी नाले किनारे स्थित एक धार्मिक स्थल तक आने-जाने में लोगों को समस्या होती है। वार्ड सदस्य के अनुसार, वह सदस्य निर्वाचित होने के बाद से कई बार नगर पंचायत के अध्यक्ष और प्रभारी अधिशासी अधिकारी से नाला साफ कराने की मांग कर चुके हैं। बताया कि पिछले वर्ष बरसात में पानी भर जाने पर कुछ स्थानों पर सफाई हुई, लेकिन नाला पूरी तरह साफ नहीं किया गया।
000
मैं स्वयं मौके पर जाकर देखूंगा कि नाले की सफाई में किस तरह की अड़चन आ रही है और उसे कैसे साफ कराया जा सकता है। बारिश शुरू होने से पहले नाले की सफाई का काम पूरा करा लिया जाएगा।
-मनोज वर्मा, चेयरमैन, नगर पंचायत निगोही
-
निगोही में नाले की सफाई नहीं होने और इससे आसपास के घरों में जलभराव की समस्या होने की बात मेरे संज्ञान में लाई जा चुकी है। प्रयास है कि बरसात से पहले ही नाले की सफाई करा दी जाए।
-प्रवेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी ईओ, नगर पंचायत निगोही