पॉवर कारपोरेशन ने बिजली राजस्व की वसूली बढ़ाने और अवैध तरीके से बिजली दोहन रोकने के लिए शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में एक साथ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 26 ऐसे बाकाएदार उपभोक्ता बिजली का गलत तरीके से उपभोग करते पकड़े गए, जिनके कनेक्शन काट दिए गए थे। इन सभी उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
पिछले दिनों विभागीय अभियंताओं ने चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे सभी घरेलू कनेक्शन काट दिए थे, जिनके बिजली बिल पांच हजार रुपये और इससे अधिक धनराशि के बकाया हो गए थे। तमाम उपभोक्ताओं ने बकाया बिजली बिल जमा करके कनेक्शन जुड़वा लिए। इधर, वित्त वर्ष समाप्त होने पर भी बिजली राजस्व की प्राप्तियां नहीं बढ़ने पर अधीक्षण अभियंता आरके अग्रवाल ने दोबारा सघन चेकिंग के निर्देश दिए।
इसके अनुपालन में एक्सईएन सिटी विवेक पटेल ने एसडीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंताओं और टेक्नीशियन ग्रेड टू संवर्ग की टीमें बनाकर विभिन्न क्षेत्रों में रवाना कीं। इन टीमों ने रोजा, अब्दुल्लागंज, हथौड़ा, बहादुरगंज, गोविंदगंज, ककरा कलां और गदियाना क्षेत्र में चेकिंग करने पर पाया कि 26 उपभोक्ताओं ने बकाया धनराशि विभाग में जमा किए बगैर प्राइवेट मिस्त्री से अपने कनेक्शन जुड़वा लिए। इन सभी के विरुद्ध संबंधित थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। चेकिंग में जेई अनुज श्रीवास्तव, शैलेंद्र पांडेय, अलंकृत मिश्रा आदि शामिल रहे।
गदियाना में चालू हुआ स्पॉट बिलिंग सेंटर
बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए निगोही रोड पर गदियाना चुंगी के पास स्थित पॉवर सब स्टेशन परिसर में अतिरिक्त स्पॉट बिलिंग सेंटर चालू कर दिया गया है। अधीक्षण अभियंता आरके अग्रवाल ने बिलिंग सेंटर का उद्घाटन किया। शहर में कई सब स्टेशनों के प्रभारी जेई अलंकृत मिश्रा ने बताया कि अभी तक स्टेशन रोड, जलालनगर, निसरजई, निगोही रोड, पुवायां रोड, दिलाजाक आदि क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करने के लिए बहादुरगंज अथवा गोविंदगंज सब स्टेशन तक दौड़ लगानी पड़ती थी, लेकिन अब उनके बिल गदियाना के बिलिंग सेंटर पर जमा हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के कैश काउंटर पर दो दिन में 5.61 लाख रुपये बिजली राजस्व जमा हुआ।