निगोही रोड पर आयोजित जागरण में बालाजी महाराज के भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु। संवाद
शाहजहांपुर। श्री हनुमान जी की मूर्ति की स्थापना के सात साल पूर्ण होने पर निगोही रोड पर सोमवार रात श्री बालाजी महाराज के जागरण का आयोजन किया गया। मंगलवार सुबह भंडारा हुआ।
जागरण की शुरुआत बालाजी महाराज की आरती से हुई। इसके बाद भगवान गणेश की वंदना और विभिन्न आरतियों की मधुर प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। राम जी की निकली सवारी और दुनिया में देव हजारों हैं, बजरंग बली का क्या कहना जैसे भजन गूंजे, तो श्रद्धालु झूम उठे और पूरी रात जागरण में लीन रहे। इस बीच निकली देवी-देवताओं की सुंदर झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। इस दौरान आयोजक योगेश राठौर, नीरज, कुनाल, अखिलेश कुमार, शुभव, विनीत आदि मौजूद रहे।
श्री श्याम संकीर्तन का हुआ आयोजन
मोहल्ला हुसैनपुरा में श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन हुआ। भजन गायक आदित्य पंडित, सोनम मिश्रा, देवी पारुल आदि ने श्याम बाबा के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुबह भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजकों में राजेश सक्सेना, संजीव सक्सेना, पंकज वाजपेयी, संतोष, सचिन यादव, पार्षद विपिन यादव आदि मौजूद रहे।