शहीद संग्रहालय में सांस्कृतिक उत्सव में विभिन्न कार्यक्रमों के विजेताओं को पुरस्कृत करते डीआईओ
शाहजहांपुर। शहीद संग्रहालय में संस्कृति उत्सव कार्यक्रम में सांस्कृतिक गतिविधियों का समागम रहा। गायन, नृत्य, बांसुरी वादन और नुक्कड़ नाटक के जरिये प्रतिभागियों ने धूम मचाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, जिला विकास अधिकारी ऋषि पाल सिंह, छावनी परिषद के नामित सदस्य अवधेश दीक्षित व कार्यक्रम संयोजक डीआईओएस हरिवंश कुमार ने दीप जलाकर किया। लीड काॅन्वेंट की छात्राओं ने भगवान गणेश की वंदना की प्रस्तुति दी। इसके बाद जिले के विभिन्न स्थानों से आए प्रतिभागियों ने नृत्य, गायन व वादन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में शामिल डॉ. नमिता किशोर, डॉ. प्रतिभा सक्सेना, अंशु सक्सेना व रंजिता ने परिणाम घोषित किए।
गायन में अर्पिता अग्रवाल, महिमा सिंह, सुमित सक्सेना ने बाजी मारी। नृत्य में गुरुकुल सेवा ट्रस्ट का कजरी नृत्य, नालंदा स्कूल का घूमर नृत्य सराहा गया। युशरा खान ने नृत्य से तालियां बटोरी। आयुष गुप्ता ने बांसुरी वादन से धूम मचाई। सुमित एंड ग्रुप ने नुक्कड़ नाटक, कार्तिक के समूह ने कव्वाली पेश की।
विजेताओं को डीआईओएस, निलय शुक्ला व व्यापारी नेता सचिन बाथम ने पुरस्कृत किया। नरेंद्र सक्सेना के संचालन में हुए कार्यक्रम में जिला समन्वयक समग्र शिक्षा राजन प्रजापति, डॉ. ब्रजेश कुमार, नेहा मिश्रा, अतुल कश्यप, मुकेश कुमार का सहयोग रहा।