शाहजहांपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती आयुष। स्रोत: जागरूक पाठक
शाहजहांपुर। आवास एवं विकास परिषद कॉलोनी, बरेली मोड़ में पुलिस चौकी से 100 मीटर की दूरी पर मामूली विवाद में कार सवार युवकों ने मेडिकल के छात्र का सिर फोड़ दिया।
कॉलोनी निवासी आयुष गंगवार राजकीय मेडिकल कॉलेज में डायलिसिस टेक्नीशियन द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। उनके पिता प्रेम गंगवार मेडिकल कॉलेज में ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। बुधवार को सुबह आयुष काॅलोनी के दूसरे गोल चौराहे के पास स्थित दुकान में बाइक में हवा डलवाने गए थे। यहां उनकी बाइक से कार में रगड़ लग गई। इसके बाद कार सवार छह-सात युवकों से उनका विवाद हो गया। सभी ने आयुष की जमकर पिटाई कर दी। वारदात स्थल से पुलिस चौकी अजीजगंज की दूरी महज सौ मीटर की है। इसके बावजूद कोई पुलिस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। घायल आयुष को परिजनाें ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। अजीजगंज चौकी प्रभारी इतेश तोमर ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें नहीं है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।