आसान अली का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
कलान (शाहजहांपुर)। नगर पंचायत के ब्रह्मदेव नगर (भर्रामई) निवासी 30 वर्षीय आसान अली की रविवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव खेत में पेड़ से फंदे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार, आसान अली ने अपने बड़े भाई के बीमार होने पर उपचार के लिए कर्ज लिया था। इसके चलते वह तनाव में रहते थे।
मृतक के चचेरे भाई निसार ने बताया कि आसान अली रोजाना सुबह बाइक से खेत पर गेहूं की फसल देखने के लिए जाते थे। रविवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे खेत पर गए और अपनी बाइक खड़ी कर फसल की रखवाली करने लगे। थोड़ी देर बाद उनका शव फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर परिवार के लोगों के साथ मौके पर गए।
निसार ने बताया कि आसन अली के बड़े भाई हजरत अली को कैंसर था। उनके उपचार के लिए आसान अली ने कर्ज लिया था। ढाई माह पूर्व हजरत अली की मौत हो गई। तब से वह परेशान रहने लगे थे। कई बार भाई की कब्र पर जाकर रोने लगते थे। भाई की मौत के बाद से काफी तनाव में आ गए थे।
भाई की मौत व कर्ज से परेशान थे। आसान अली के शव को देख उनकी पत्नी सबीना बिलख पड़ीं। परिजनों ने बताया कि उनकी तीन साल की बेटी उमरा व एक साल के बेटे अरहान की जिम्मेदारी मां सबीना के कंधों पर आ गई है। इंस्पेक्टर शिवदीन ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। शव को पोस्टमॉर्टम भिजवा दिया है।
आसान अली का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन