शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के अटसलिया पुल के पास शुक्रवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। उसके दोनों पैर टूटे हुए थे। चेहरे पर भी काफी चोट थी। माना जा रहा है युवक पुल से नीचे गिरा है। पुल की ऊंचाई करीब 20 फुट है। पुलिस शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
शुक्रवार की सुबह 9:40 मिनट पर पीआरवी 1340 को सूचना मिली कि एक युवक का शव अटसलिया पुल के नीचे रेलवे क्राॅसिंग के पास मछली बाजार में पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और तुरंत रोजा थाना प्रभारी राजीव कुमार को सूचना दी।
रोजा थाना प्रभारी तुरंत मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों से पूछताछ की। वीडियोग्राफी के साथ युवक की तलाशी कराई, लेकिन उसकी पहचान की कोई चीज नहीं मिली। इसके बाद पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी जांच की। थाना प्रभारी ने शव की पहचान के लिए मोबाइल टीम को आसपास के गांवों में भी भेजा, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की उम्र तकरीबन 25 साल है। हादसा स्थल को देख पुल से नीचे गिरने की आशंका है। युवक ने नीले, सफेद व नारंगी रंग की चेकदार शर्ट व हल्के नीले रंग की जींस पहन रखी है। शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।