तिलहर (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली हाईवे के बाइपास वाले ओवरब्रिज के किनारे रविवार शाम एक युवक बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सीएचसी में भर्ती कराया। बाद में युवक की पहचान गोरखपुर निवासी प्रमोद के तौर पर हुई।
प्रमोद की पत्नी चांदनी ने पुलिस को बताया कि उनके पति लुधियाना की एक फैक्टरी में नौकरी करते हैं और शनिवार की शाम करीब चार बजे वह फैक्टरी से किसी को बताए बिना निकल गए। इसके बाद परिजनों ने कई बार मोबाइल पर उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। प्रमोद की हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस की सूचना पर उनके परिजन गोरखपुर से रवाना हो चुके हैं। पुलिस यह पता करा रही है कि प्रमोद लुधियाना से यहां कब और कैसे पहुंचे। संवाद