अमृतसर-हावडा मेल में सफर कर रहा युवक अचानक ट्रेन की बोगी के ऊपर चढ़ गया। उसे देख रेलवे लाइन पर काम कर रहे कर्मचारियों ने शोर मचाकर आगाह भी किया। चीख पुकार सुनकर ड्राइवर ने तिलहर स्टेशन के पास ट्रेन को धीमा भी किया गया, लेकिन तब तक उसने हाथ से रेलवे लाइन का तार पकड़ लिया। इससे वह झटके के साथ नीचे आ गिरा। घटना के बाद ट्रेन रुक गई। गंभीर रूप से झुलसे युवक को एंबुलेंस से तत्काल अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से लखनऊ रैफर कर दिया गया। घरवालों के मुताबिक, युवक मानसिक रूप से कमजोर है।
अमृतसर से हावड़ा जा रही 3006 डाउन एक्सप्रेस सुबह लगभग 8:40 बजे तिलहर से गुजर रही थी। तभी यह हादसा हुआ। घायल 21 वर्षीय संतराम गांव शहलामऊ, थाना काकोरी, लखनऊ का निवासी है। वह अपने भाई सुनील के साथ ट्रेन में सफर कर था। सुनील ने बताया कि संतराम पेशाब जाने की बात कहकर टॉयलेट की ओर गया था लेकिन डिब्बे के ऊपर चढ़ गया। तिलहर रेलवे स्टेशन के कर्मचारी सुनील कुमार ने बताया कि 1257 किमी पत्थर के पास काम कर रहे कर्मचारियाें ने जब युवक को डिब्बे की छत पर चढ़े देखा तो शोर मचाने लगे। इसी दौरान तिलहर स्टेशन पर मौजूद जीआरपी के जवानों ने भी चीखना-चिल्लाना शुरू किया तो युवक डिब्बे के ऊपर खड़ा हो गया और हाथ से तार पकड़ लिया। तार पकड़ते ही तेज आवाज के साथ वह नीचे आ गिरा। घटना के बाद ट्रेन कुछ देर यहां खड़ी रही। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से जीआरपी के जवान उसे लेकर तिलहर अस्पताल पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रैफर कर दिया।