शाहजहांपुर। युवक के बहकावे में आकर नोएडा से प्रयागराज के लिए निकलीं तीन किशोरियों को सोमवार को चाइल्ड लाइन ने बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया। इसमें एक किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। दो अन्य किशोरियाें के संबंध में प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इस बीच सामने आया कि प्रयागराज के युवक ने नौकरी का झांसा देकर किशोरियों को बुलाया था।
नोएडा में एक ही अपार्टमेंट में रहने वालीं 15 वर्षीय किशोरी प्रयागराज के युवक से इंस्टाग्राम के जरिये संपर्क में आई थी। वह अपनी 13-13 वर्षीय तीन सहेलियों को साथ में लेकर प्रयागराज जाने वाली ट्रेन में सवार हो गई। रास्ते में तीन किशोरियों का मन बदला तो वे तीन जनवरी को शाहजहांपुर स्टेशन पर उतर गईं। जबकि 15 वर्षीय किशोरी लखनऊ में उतारी गई। तीनों किशोरियों को स्टेशन पर बैठा देखकर जीआरपी थाने लाया गया। यहां से चाइल्ड लाइन के प्रभारी विनय शर्मा के सुपुर्द कर दिया गया।
चाइल्ड लाइन ने उनके परिजनों से संपर्क साधा। सोमवार को तीनों को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया। जहां एक किशोरी के अभिलेख सही पाए जाने पर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। किशोरी के पिता मजदूरी करते हैं। वह अपनी सहेली के बहकावे में आ गई थी। उसने बताया कि युवक ने प्रयागराज में नौकरी दिलाने की बात कही थी।
वहीं दूसरी किशोरी के परिजन तो पहुंचे, लेकिन उसके संबंध में कागजी कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। तीसरी किशोरी के परिजन अब तक नहीं पहुंचे हैं। चाइल्ड लाइन के प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि सारी प्रक्रिया पूरी होने पर किशोरियों को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया जाएगा।