शौच के लिए गए युवक की तालाब में डूबकर मौत हो गई। डेढ़ घंटे बाद उसका शव निकाला जा सका। युवक की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
गांव मजीदापुर निवासी स्वर्गीय आशाराम का 18 वर्षीय पुत्र वीरपाल अपने 13 वर्षीय भाई विनीत के साथ बृहस्पतिवार दोपहर खेत पर गया था। शाम साढ़े छह बजे वीरपाल ने विनीत से घर जाने को कहा और खुद शौच के लिए खेत के पास तालाब पर चला गया। काफी देर तक वीरपाल घर नहीं पहुंचा तो परिवार के तमाम लोग तालाब पर पहुंचे। तालाब पर वीरपाल के नहीं मिलने पर परिवार के लोगों ने गांव से तैराकों को बुलाया और तालाब में वीरपाल की तलाश कराई।
परिवार के लोगों ने मामले की सूचना यूपी-100 पर दी। आरोप है कि सूचना के बाद पुलिस की गाड़ी मौके पर तो पहुंची लेकिन मदद करने की बजाय मामला थाना पुलिस का बताकर थाने जाकर सूचना देने की सलाह देकर लौट गई। रात लगभग पौने आठ बजे तैराकों ने वीरपाल का शव तालाब से बरामद कर लिया। शव मिलते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। कोतवाली से पुलिस गांव गई है।