मीरानपुर कटरा। बहगुल नदी में आई बाढ़ का पानी शुक्रवार को तटवर्ती गांव बैवहा के आबादी क्षेत्र में कई घरों तक पहुंच गया। जैतीपुर-सिउरा मार्ग पर पानी आ जाने से उस पर आवागमन बंद हो गया है।
गर्रा के निकटवर्ती गांव जिकरीपुर पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीण आवश्यक कार्यों के लिए जान जोखिम में डाल कर बाढ़ में डूबे सिउरा मार्ग से निकल रहे हैं। बैवहा गांव के संपर्क मार्ग का एक हिस्सा पानी के तेज बहाव से कट गया है। बहगुल के किनारे धरमपुर कंकलिया गांव के संपर्क मार्ग पर भी पानी बह रहा है।
गर्रा नदी किनारे स्थित जिकरीपुर में संपर्क मार्ग पर नदी का पानी बह रहा है। गांव के निचले घरोंमें भी पानी भर रहा है। खेतों में पानी भर जाने से धान, मक्का, शकरकंद, उर्द, अरहर आदि फसलों को भारी नुकसान हुआ है। बाढ़ के कारण प्रभावित गांवों की विद्युत आपूर्ति भी बंद कर दी गई है। संवाद