जलालाबाद। गल्ला व्यापारियों से हुई लूट के मामले में बृहस्पतिवार देर शाम यहां पहुंचे वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. सुमंत गुप्ता के हस्तक्षेप के बाद घटना के खुलासे के लिए पुलिस को दो नवंबर तक की मोहलत देते हुए व्यापारी शुक्रवार से कारोबार शुरू करने को राजी हो गए। हालांकि बृहस्पतिवार सुबह पूर्व विधायक शरदवीर सिंह ने व्यापारियो के साथ प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कराकर जारी गतिरोध का हल निकालने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान कोई नतीजा नहीं निकला और व्यापारियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया था। मालूम हो कि 24 अक्तूबर की शाम साढ़े तीन बजे जय दुर्गा ट्रेडर्स के मालिक भूरे गुप्ता व राधाकृष्ण गुप्ता से मंडी गेट पर बाइक सवार चार बदमाशों ने उन्हें गन प्वाइंट पर लेकर नगदी भरा थैला लूट लिया था। आक्रोशित व्यापारियो ने मंगलवार से मंडी गेट पर तालाबंदी कर कारोबार ठप करने के साथ ही आन्दोलन शुरू कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह वहां पहुंचे पूर्व विधायक शरदवीर सिंह ने एसडीएम एसपी सिंह व सीओ उमेश शर्मा को मौके पर बुलाकर इस गतिरोध को दूर कराने के लिए व्यापारी नेताओ के साथ वार्ता कराई, लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकला और व्यापारियों ने मंडी गेट पर तख्त डालकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। शाम पांच बजे डा. सुमंत गुप्ता, सपा नेता फेनी गुप्ता आदि ने व्यापारियो व सीओ के बीच वार्ता कराकर पुलिस को पांच दिन का समय दिलाते हुए शुक्रवार से कारोबार शुरू करने पर राजी कर लिया।