मदरसा नुरूल हुदा बिजलीपुरा में बोलते प्रशिक्षक मशकूर हसन खां। स्रोत: आयोजक
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति से नामित हज प्रशिक्षण केंद्र मदरसा नुरुल हुदा, बिजलीपुरा में हज यात्रा पर जाने वाले आजमीन-ए-हज को प्रशिक्षण दिया गया। हज प्रशिक्षक मशकूर हसन खान ने हज के अरकान को विस्तार से समझाया। उन्होंने एहराम बांधने का तरीका, तवाफ, सई, अराफात में ठहरना, कुर्बानी से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी दी। कहा कि हज यात्रा के दौरान अनुशासन, सब्र, आपसी सहयोग और सऊदी अरब के नियमों का पालन करें। उन्होंने आजमीन-ए-हज को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, जरूरी दस्तावेजों की देखभाल व समूह के साथ रहने की अहमियत पर भी प्रकाश डाला।
बरेली से आए मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि हज एक मुकद्दस इबादत है। इसे सही जानकारी और नीयत के साथ अदा करना चाहिए। प्रधानाचार्य इकबाल हुसैन उर्फ फूलमियां ने बताया कि हज यात्रियों का टीकाकरण 17 फरवरी को पुराना जिला चिकित्सालय स्थित सभागार में किया जाएगा। कार्यक्रम में सैयद कामरान हुसैन, मोईन खान, ममनून खान, जहूर, इजहार हसन आदि मौजूद रहे। संवाद