मोहल्ला रेती में ग्रीन वैली कांवेंट स्कूल के सामने लगा लंबा जाम। संवाद
शाहजहांपुर। त्योहार के दिन सड़कों पर दबाव बढ़ने पर यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। पूरे दिन लोग जाम से जूझते रहे। रोडवेज बस अड्डे, रेती रोड समेत कई जगह पर लोगों को लंबे जाम से दो-चार होना पड़ा।
रक्षाबंधन के मौके पर बहनों ने भाइयों के घर जाने के लिए कदम निकाले तो यातायात पुलिस की सारी तैयारी धरी रह गईं। रोडवेज बस अड्डे पर यातायात पुलिस और सदर थाने का पुलिस बल तैनात होने के बावजूद लोगों को दिनभर कई बार जाम से जूझना पड़ा।
बसों के चलते लोग जाम में फंसे रहे। इस बीच बारिश होने पर हालात काफी ज्यादा खराब हो गए। रेती रोड पर जाम लगने से वाहनों की लंबी कतार लग गईं। ई-रिक्शे, कार, बाइक सवार जाम में फंसने से लोग परेशान हो गए। शुभ मुहूर्त पर भाई के राखी बांधने की तमन्ना अधूरी रह गई। इसके चलते लोगों को काफी दुश्वारियों से जूझना पड़ा।
थाना प्रभारी फंसे तो जाम खुलवाने दौड़े सिपाही
डाउन लाइन की राज्यरानी एक्सप्रेस के आने पर रोडवेज बस अड्डे के सामने जाम की स्थिति बन गई। मुख्य गेट से लेकर होटल तक रास्ता जाम हो गया। इस बीच जीआरपी के थाना प्रभारी रेहान अली की गाड़ी भी जाम में फंस गई। सूचना मिलने पर थाने से सिपाही दौड़कर आए और ई-रिक्शा चालकों को चालान करने की चेतावनी देते हुए दूसरे गेट से गुजारा। सिपाहियों ने जाम खुलवाकर आवागमन दुरुस्त कराया।
मोहल्ला रेती में ग्रीन वैली कांवेंट स्कूल के सामने लगा लंबा जाम। संवाद