तिलहर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी धीरेंद्र। स्रोत: मीडिया सेल
शाहजहांपुर। अवनीश हत्याकांड में फरार तीसरे आरोपी धीरेंद्र को भी पुलिस टीम ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। जबकि मुख्य आरोपी प्रधान के पति सुखदेव व उसके बेटे धर्मेंद्र को सोमवार को ही जेल भेज दिया गया था।
25 सितंबर की रात अवनीश के बेटे की नामकरण की दावत चल रही थी। दावत न देने से नाराज प्रधान के पति सुखदेव वर्मा और उसके बेटे धीरेंद्र व धर्मेंद्र ने हमला कर दिया था। आरोप है कि प्रधान के पति सुखदेव ने अवनीश के सीने में तमंचे से गोली मार दी थी।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में उसे मृत घोषित कर दिया गया था। आरोपी प्रधान के पति सुखदेव को परिजनों ने पकड़कर पिटाई लगा दी थी। मृतक के पिता साधुराम ने तीनों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गिरफ्तारी न होने तक अंतिम संस्कार से मना करने पर पुलिस ने समय मांगा था। तब परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया था।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि तीसरे आरोपी धीरेंद्र को भी पकड़कर जेल भेज दिया गया है। उसके पास से तमंचा व तीन कारतूस मिले हैं।