दोस्तों के संग नदी में नहाने गया एक किशोर तेज बहाव में बह गया। गोताखोर किशोर की तलाश में जुटे हुए हें, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका है।
नगर के मोहल्ला देवस्थान निवासी मुन्नालाल का 17 वर्षीय पुत्र रोहित रविवार को दोस्तों के खुटार-गोला मार्ग स्थित कठिना नदी पर पहुंचा। सभी दोस्तों ने नदी में नहाने का प्रोग्राम बनाया और पुल के नीचे जाकर पेड़ से नदी में छलांग लगाकर नहाने लगे। कठिना नदी में इन दिनों सैलाब का पानी आया हुआ है, जिस कारण नदी पेटे से बाहर है और बहाव भी बेहद तेज है। रोहित ने दोस्तों के साथ नदी को पार करने की सोंची। उसके सभी दोस्त तैर कर दूसरी तरफ पहुंच गए, लेकिन रोहित भंवर में फंस गया और डूबने लगा। यह देख रोहित के दोस्तों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे इस बीच रोहित नजरों से ओझल हो चुका था।
खबर पाकर रोहित के परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस भी मौके पर पहुंची। गोताखारों ने रोहित की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं लग सका था। रोहित के नदी में डूबने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वह चार भाई बहनों में सबसे छोटा था।