खुटार। किशोरी को ले जाने के आरोपी को थाने से छोड़ने और किशोरी के पिता-मां पर समझौते का दबाव बनाने के आरोपी दरोगा और दो सिपाहियों के खिलाफ पीड़ित परिवार 19 सितंबर से अनशन शुरू करेगा।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने एसपी को भेजे प्रार्थनापत्र में बताया कि गांव गेहुंआ का रितिक उनकी 17 वर्षीय पुत्री को कहीं ले गया था। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आठ सितंबर को ही दो सिपाहियों ने उनके घर आकर समझौते का दबाव बनाया और अभद्रता की। मना करने पर नौ सितंबर को पुत्री को मिलना दिखाया और रितिक को थाने से छोड़ दिया गया।
13 सितंबर को एक दरोगा और दो सिपाही फिर पीड़ित के घर पहुंचे और राजीनामा करने के लिए कहा। दरोगा और दोनों सिपाही आरोपी के पक्ष में उनको लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। पीड़ित ने 19 सितंबर से घर पर परिजनों सहित अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है है।
धरने पर बैठ जाएं, उसकी मर्जी है। पुलिस पर आरोप लगते रहते हैं। इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई हो रही है।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां