पुवायां (शाहजहांपुर)। राधा बिहार काॅलोनी में जितेंद्र त्रिवेदी के बेटे उत्कर्ष उर्फ उमंग (18) की बाथरूम में नहाते समय मौत हो गई। उसके काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजन दरवाजे की सिटकनी तोड़कर अंदर घुसे तो उत्कर्ष को अचेत पाया और गैस गीजर चालू हालत में पाया। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
उत्कर्ष पुवायां के कैंब्रिज कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं का छात्र था। परिजनों के अनुसार उत्कर्ष बृहस्पतिवार दोपहर घर के बाथरूम में नहाने के लिए गया था। बाथरूम में गैस गीजर लगा हुआ है। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने उत्कर्ष को आवाज दी, लेकिन जवाब नहीं मिलने पर दरवाजे की सिटकनी तोड़ी गई।
वहां अचेत मिले उत्कर्ष को परिजन सीएचसी लेकर गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएचसी से थाने में सूचना दी गई, लेकिन इससे पूर्व ही परिजन शव को लेकर शाहजहांपुर चले गए। शाहजहांपुर में भी मृत घोषित होने पर उत्कर्ष का शव घर लाया गया।
पुलिस ने उत्कर्ष के घर जाकर घटना के बारे में जानकारी ली। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया। उत्कर्ष की मां अनुपम पांडे गांव सहोरा के सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। उत्कर्ष की मौत से पिता जितेंद्र, मां अनुपम, भाई उदित त्रिवेदी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पढ़ने में तेज था उत्कर्ष, नेवी में जाने की थी तमन्ना
उत्कर्ष पढ़ने में काफी तेज था। कैंब्रिज कॉन्वेंट स्कूल में एनसी से ही शिक्षा ग्रहण की थी। 10वीं में वह स्कूल की टॉप टेन सूची में शामिल था। जानकारी पाकर डॉयरेक्टर डाॅ. रचित अग्रवाल उत्कर्ष के घर पहुंचे और दुखी परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने बताया कि उत्कर्ष ने 31 दिसंबर को हाईस्कूल की मार्कशीट स्कूल से लेकर एनडीए परीक्षा के लिए आवेदन किया था। उत्कर्ष नेवी में जाकर देश की सेवा करना चाहता था।
पीलीभीत में बाथरूम में मृत मिले थे दंपती
22 दिसंबर को पीलीभीत में कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गुरुकुलपुरम में हरजिंदर सिंह (42) अपनी पत्नी रेनू सक्सेना (40) के साथ मकान के बाथरूम में मृत मिले थे। गैस गीजर चलने के दौरान कॉर्बन मोना आक्साइड की मात्रा बढ़ने से दम घुटने से उनकी मौत हुई थी।
पुलिस उत्कर्ष के घर गई थी। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया। पोस्टमाॅर्टम से मृत्यु का कारण स्पष्ट हो जाता। जानकारी मिली है कि जब दरवाजा तोड़ा गया तब गैस गीजर चल रहा था। इससे प्रथमदृष्टया दम घुटने से मौत की आशंका है। - प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां
पुवायां में उमंग के घर के बाथरूम के दरवाजे की टूटी सिटकनी। संवाद