रेलवे स्टेशन को सैर करने, टहलने या बस यूं ही जाने वाले लोगों को अब यह महंगा पड़ सकता है। जीआरपी के लखनऊ अनुभाग के एसपी ने स्टेशन पर रोजाना बेवजह आने वाले संदिग्धों पर नजर रखने के साथ ही उन्हें चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूछताछ करने के लिए भी कहा है। रविवार से दो सिपाहियों ने सादी वर्दी में स्टेशन पर घूमने वाले संदिग्धों पर नजर रखना शुरू कर दिया है।
जीआरपी के लखनऊ अनुभाग के एसपी आनंद कुलकर्णी ने निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशनों एवं उसके आसपास संदिग्ध नजर आने वाले व्यक्तियों को चिह्नित किया जाए। उन लोगों से स्टेशन पर आने का कारण और अन्य जानकारी की जाए। साथ ही ऐसे लोगों का आपराधिक रिकार्ड भी चेक किया जाए। ऐसे लोगों से आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के बारे में भी पूछताछ की जाए।
संदिग्ध नजर आने वाले व्यक्तियों से यदि पूछताछ की जाए तो उसका ब्यौरा रजिस्टर पर अंकित किया जाए। एसपी कुलकर्णी ने कहा कि जिन संदिग्धों से पूछताछ की जाए उनका नाम, पता एवं मोबाइल नंबर भी लिखा जाए। साथ ही किस दिन पूछताछ की गई, इसका भी उल्लेख किया जाए। पूछताछ करने वाले अधिकारी का नाम के साथ ही संदिग्ध व्यक्ति यदि अन्य लोगों के नाम बताता है, तो उन लोगों का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर भी लिखा जाए।