रोजा मंडी में क्रय केंद्रों का निरीक्षण करते खाद्य एवं रसद विभाग के विशेष सचिव अभिषेक गोयल। स्र
रोजा। खाद्य एवं रसद विभाग के विशेष सचिव अभिषेक गोयल ने मंगलवार को रोजा मंडी सहित ग्रामीण क्षेत्र के कई क्रय केंद्रों का जायजा लिया। इस दौरान भावलखेड़ा ब्लाॅक के सरही गांव में स्थापित क्रय केंद्र पर खरीदे गए धान के बोरे कम पाए जाने पर उन्हाेंने नाराजगी व्यक्त की। डिप्टी आरएमओ राकेश मोहन पांडेय को जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विशेष सचिव अधिकारियों की टीम के साथ अपराह्न करीब तीन बजे मंडी पहुंचे। उस वक्त कई क्रय केंद्रों पर धान खरीद होती पाई गई। विशेष सचिव ने क्रय केंद्रों से धान लेकर राइस मिलों को जाने वाले ट्रकों में जीपीएस टैगिंग की बारीकी से जांच कराई। मंडी के क्रय केंद्रों पर स्टॉक रजिस्टर देखकर उनसे उपलब्ध स्टॉक का मिलान और भौतिक सत्यापन कराया।
इस दौरान लिपिकीय कमियां मिलने पर उन्होंने केंद्र प्रभारियों और कर्मचारियों को कार्यप्रणाली सुधारने की चेतावनी दी। इससे पहले, सरही गांव में लगे क्रय केंद्र का जायजा लेने पर पाया कि रजिस्टर पर दिखाए गए स्टॉक की तुलना में धान की बोरियां कम हैं। केंद्र प्रभारी से संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर विशेष सचिव ने डिप्टी आरएमओ को अपने स्तर से जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बाद में वह एक राइस मिल होते हुए मंडी परिसर पहुंचे। इस दौरान मंडी सचिव रिंकू लाल कश्यप, केंद्र प्रभारी अशोक कुमार यादव, त्रिपुरेश तिवारी आदि मौजूद रहे।
जीपीएस से ट्रक की लोकेशन ट्रेस की
विशेष सचिव ने जीपीएस से ट्रकों की लोकेशन ट्रेस की। एफसीआई के पुवायां के नत्थापुर स्थित केंद्र से धान उठान में लगा ट्रक निर्धारित 25 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक गति से चलता मिला। उसकी लोकेशन मिश्रीपुर गांव के पास मिली। विशेष सचिव टीम के साथ वहां पहुंचे तो लोकेशन रेलवे लोडिंग प्वाइंट की मिली। चालक भाग गया। ट्रक खाली था। एक ही ट्रक पर धान व खाद लोड कराने पर विशेष सचिव ने जांच के निर्देश दिए।
मंडी में धान की खरीद संतोषजनक पाई गई है। राइस मिलों को धान की आपूर्ति में कुछ दिक्कतें बताईं गईं। राइस मिलों को धान की आपूर्ति समय से कराने के लिए ट्रकाें के संचालन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। सरही क्रय केंद्र पर धान के कम मिले बोरों के बारे में जांच कराई जा रही है।
-अभिषेक गोयल, विशेष सचिव (खाद्य एवं रसद)