निगोही क्षेत्र स्थित ग्राम संडा खास में टूटी अलमारी दिखाते मकान स्वामी। संवाद
निगोही। संडा खास गांव में सोमवार की शाम अधिवक्ता मुनेंद्र अवस्थी के बंद मकान के ताले तोड़कर चोर वहां से हजारों की नकदी समेत लाखों रुपये के जेवर समेट ले गए। तहरीर मिलने पर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मुनेंद्र ने पुलिस को बताया कि सोमवार को वह परिवार सहित भतीजे गौरव अवस्थी के पुत्र के नामकरण समारोह में शाहजहांपुर गए थे। रात करीब आठ बजे उनकी सास मधु पांडेय और साले हिमांशु घर पहुंचे, तो गेट का ताला टूटा देख उन्हें फोन पर सूचना दी।
उन्होंने घर आकर देखा कि अलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखे जेवर के अलावा सिलिंडर और 27 हजार 500 रुपये नदारद थे। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक रात में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ माह पूर्व इसी गांव के जूनियर हाईस्कूल में भी ताला तोड़ कर चोरी हो चुकी है। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर चोरों का सुराग लगाया जा रहा है। संवाद