शाहजहांपुर। शहर के एक बड़े व्यापारी के बेटे ने ओछी हरकत कर डाली। होटल में बने कोविड एल वन प्लस अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित युवती की फोटो मोबाइल से खींच लिए। युवती के शिकायत करने पर पहुंची पुलिस ने व्यापारी के बेटे का मोबाइल कब्जे में ले लिया। उसके खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
शहर की बृज बिहार कॉलोनी की एक युवती की शुक्रवार को जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। उसे शहर के सत्यम होटल में बने कोविड एल वन प्लस अस्पताल में रखा गया है। शहर के एक बड़े व्यापारी का बेटा भी कोराना संक्रमित है, जिसे युवती के बराबर वाले कमरे में रखा गया था। शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे युवती ने देखा तो उसके फोटो स्नानघर के रोशनदान के अंदर हाथ डालकर कोई व्यक्ति मोबाइल से फोटो खींच रहा है। युवती ने फोन करके इसकी सूचना पुलिस को दे दी। इधर, कोविड अस्पताल में इस तरह की हरकत का पता लगने पर खलबली मच गई। कुछ ही देर में सदर कोतवाली पुलिस मौके पर जा पहुंची। युवती को शक था कि उसके सोते समय भी फोटो खींचे गए होंगे। इस पर पुलिस ने अस्पताल में मौजूद लोगों के मोबाइल लेकर चेक किए। उसके मोबाइल में युवती की फोटो मिल गए। इस पर पुलिस ने व्यापारी के बेटे का मोबाइल कब्जे में ले लिया। उसे फौरन नवोदय विद्यालय में बने कोविड एल वन अस्पताल भेज दिया गया। व्यापारी के बेटे के खिलाफ सदर कोतवाली में धारा 354 घ के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। इसकी विवेचना इंस्पेक्टर सदर करेंगे।