शाहजहांपुर। कोरोना से तिलहर के व्यापारी समेत दो और की मौत हो गई। वहीं 56 संक्रमित मिले। इससे मृतकों की संख्या बढ़कर 58 हो गई। अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3620 हो गई है। इसमें 1416 डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।
शुक्रवार को कांट क्षेत्र के गांव उमराह निवासी 30 वर्षीय युवक की मेडिकल कॉलेज में कोरोना से मौत हो गई। उसे 30 अगस्त को एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी तरह तिलहर के एक व्यापारी की बरेली में बृहस्पतिवार रात में कोरोना से मौत हो गई। इधर, एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के सहायक नोडल अधिकारी बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को जिलेभर में कराई गई टेस्टिंग में 86 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। अब कोरोना संक्रमितों की संख्या जिले में 3620 हो गई है, इसमें 1416 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और 1225 लोग होम क्वारंटीन कर रहे हैं, जबकि कुल 921 पॉजिटिव लोगों का इलाज कराया जा रहा है। इधर जैैतीपुर में एक और निगोही में दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जिन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
व्यवसायी का किया अंतिम संस्कार
तिलहर। नगर के प्रतिष्ठित आटा व्यवसायी और जनता रामलीला कमेटी के कोषाध्यक्ष का बरेली में इलाज के दौरान कोरोना से निधन पर श्मशान घाट शासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए परिजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया। नगर के मोहल्ला दातागंज निवासी 63 वर्षीय व्यवसायी का चार दिन पहले स्वास्थ्य बिगड़ने पर बरेली ले जाया गया था। इलाज के दौरान देर रात उनकी हालत बिगड़ने पर अन्यत्र ले जाने की तैयारी चल रही थी, इसी दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजन ने व्यवसायी को कोरोना होने की पुष्टि की है।