शाहजहांपुर। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम सौ फीसदी पूरा होने के करीब है। अब तक 99.99 फीसदी काम पूरा हो चुका है। प्रशासन का अब पूरा ध्यान एएसडी (अबसेंट, शिफ्टेड, डेड) मतदाताओं पर केंद्रित है। बीएलओ दरवाजे-दरवाजे जाकर एएसडी सूची का मिलान करा रहे हैं।
जिले में 23 लाख से ज्यादा मतदाता हैं। एसआईआर के दौरान ऐसे करीब पांच लाख मतदाता सामने आए जो एएसडी सूची में हैं। प्रशासन का मानना है कि ऐसे कई मतदाता अब भी होंगे जो इस सूची से बाहर होंगे। किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से न कट जाए, इसके लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के संबंध में शुक्रवार को डीएम की अध्यक्षता में सभी ईआरओ, एईआरओ व सुपरवाइजरों की बैठक हुई। इसमें मृतकों का पुन: सत्यापन किए जाने के निर्देश दिए गए।
बिस्मिल सभागार में बैठक में डीएम ने नगर क्षेत्र के बूथवार मैपिंग, ईएफ व एएसडी कार्य की प्रगति की जानकारी ली। डीएम ने सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि सभी की मैपिंग 90 प्रतिशत से अधिक होनी चाहिए। नए योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भी भरवाएं जाएं।
बीएलओ के बताए मृतकों के संबंध में प्रमाण पत्र लिया जाए और उनका विशेष सत्यापन भी किया जाए। मैपिंग, डेथ, एएसडी पर विशेष ध्यान दिया जाए। चेतावनी दी कि पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही नहीं की जाए। कार्यक्रम में नगर आयुक्त डॉ. बिपिन मिश्र, एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
-
मृतक सूची का किया सत्यापन
परौर। संविलियन विद्यालय में शुक्रवार को दिन में नायब तहसीलदार सगीर अहमद ने एसआईआर प्रक्रिया का पर्यवेक्षण कर मृतक मतदाताओं की सूची का सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने कई मृतकों के परिजनों को बुलाकर उनसे पूछताछ कर यह जानने का प्रयास किया कि किसी जीवित व्यक्ति को मृतक सूची में शामिल नहीं किया गया। इस मौके पर कानूनगो सुखबीर सिंह, संविलियन विद्यालय के प्रधानाध्यापक महेश सिंह, शिक्षक राजकुमार, राजेश कुमार सिंह, आंगनबाड़ी कर्मचारी वंदना देवी, निखिल प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद