जलालाबाद। ढकियाइन गांव माता रेणुका मंदिर से देवी की मूर्ति के ऊपर लगा चांदी का छत्र मंगलवार को दोपहर रहस्यमय हालात में गायब हो गया। घटना की तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में लग गई है।
मंदिर के पुजारी पंडित सुरेश मिश्रा सुबह की पूजा आरती के बाद मंदिर के कपाट बंद कर ताला डाल देते हैं, लेकिन मंगलवार को दोपहर मंदिर के दरवाजे पर ताला नहीं लगा था क्योंकि पुजारी उस समय मंदिर के बाहर ही परिसर में सो रहे थे।
शाम के समय जब वह आरती करने मंदिर गए, तो देवी मूर्ति से छत्र गायब देख इसकी जानकारी उन्हाेंने अन्य लोगों को दी। मंदिर समिति के अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने बताया कि छत्र करीब दो सौ ग्राम का था। उन्होंने बताया कि पुलिस को तहरीर दे दी गई है। प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि मामला संदिग्ध है और जांच की जा रही है। संवाद