शाहजहांपुर। बार-बार चेतावनी के बाद भी विकास कार्यों में लापरवाही बरतने पर सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह ने तीन तहसीलों के बीडीओ, एडीओ पंचायत और एडीओ कृषि समेत 20 अधिकारियों के खिलाफ वेतन रोकने की कार्रवाई की है। कार्य में लापरवाही पाते हुए नोटिस जारी किया है।
शासन स्तर से चलाई जा रही तमाम योजनाओं का क्रियान्वयन शासन की मंशा के अनुसार नहीं हो पा रहा है। तमाम प्रयासों के बाद भी योजनाओं का प्रदर्शन धरातल पर खराब दिखाई दे रहा है। जनपद में चल रहे जीरो पॉवर्टी सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में बार-बार चेतावनी दिए जाने के बाद भी ब्लाॅक स्तर पर अच्छा प्रदर्शन नहीं किया जा रहा है।
इसका संज्ञान लेते हुए सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह ने कार्रवाई की है। सीडीओ ने बताया कि विकास भवन से निरंतर ब्लाॅक में चल रहे कामकाजों की माॅनीटरिंग की जा रही है। अच्छा प्रदर्शन न करने वाले जलालाबाद, तिलहर व सदर तहसील के बीडीओ व एडीओ के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सीडीओ ने इन सभी का वेतन रोकते हुए कार्य में लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी किया है।
सीडीओ की कार्रवाई से ब्लाॅकस्तरीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। सीडीओ ने बताया कि विकास कार्यों व जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही अन्य ब्लाॅकों की भी रिपोर्ट तलब की गई है। अगर कोई लापरवाही सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।