जलालाबाद में ग्राम बघापुर से रामलीला मैदान के बीच उखड़ी पड़ी सड़क। संवाद
जलालाबाद। बघापुर गांव से नगर के रामलीला मैदान तक हाल ही में बनकर तैयार हुआ करीब सवा किमी लंबा मार्ग घटिया निर्माण कार्य के कारण उखड़ने लगा है। करीब 1.11 करोड़ रुपये की लागत वाले इस मार्ग का गत छह जनवरी को विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने शिलान्यास किया था।
रामलीला मैदान तक बड़े वाहनों का आवागमन सुगम बनाने के लिए इस मार्ग को मंजूरी दी गई थी। लोक निर्माण विभाग ने करीब एक माह पूर्व इसे बनाकर तैयार किया था। एक जगह पर इस मार्ग का काफी हिस्सा कई दिन पहले उखड़ गया, जबकि दो अन्य स्थानों पर भी बजरी निकल जाने से सड़क पर गड्ढे बन गए हैं। बघापुर के आगे यह मार्ग बरेली हाईवे से मिलता है। लोनिवि के अवर अभियंता राम अवतार यादव ने बताया कि अभी मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क के दोनों ओर पटरी का निर्माण होना शेष है और मार्ग की अन्य कमियां भी दुरुस्त कराई जाएंगीं। संवाद