शाहजहांपुर। कई दिनों से पड़ रही जबरदस्त गर्मी से शुक्रवार को लोगों को निजात मिली। सुबह अचानक मौसम ने करवट बदली तो पहले बूंदाबांदी और फिर झमाझम बारिश होने लगी। 40 मिनट में 50 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे नालियां उफनाने लगीं, शहर के निचले इलाकों में बारिश का पानी भरा तो लोगों को खासी दिक्कतें हुईं। बारिश के साथ ठंडी हवा चलने से अधिकतम तापमान छह डिग्री घटकर 31 डिग्री सेल्सियस रह गया। बारिश थमने के बाद दिनभर बादल छाए रहे।
तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने कई दिन से लोगों को बेहाल कर दिया था। वृहस्पतिवार रात में खासी गर्मी रही। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे अचानक मौसम बदला और आसमान में बादल घिरने के साथ बूंदाबांदी होने लगी। करीब दस मिनट तक रिमझिम फुहारें गिरती रहीं, लेकिन बाद में बारिश ने रफ्तार पकड़ी तो बच्चों ने बाहर निकलकर अठखेलियां करनी शुरू कर दीं। इस दौरान तमाम लोग घरों से बाहर और छतों पर जाकर सफाई करने के बहाने खुद को भिगोते रहे। तेज बारिश से नाले-नालियां लबालब हुए तो सड़कों पर कई जगह जलभराव होने लगा। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार शुक्रवार शाम बैरोमीटर की रीडिंग में 56 मिलीबार की गिरावट को देखते रुक-रुककर तेज बारिश का दौर अब जारी रहेगा।
इन सभी स्थानों पर घंटों रहा जलभराव
तेज बारिश के दौरान बहादुरगंज-घंटाघर मार्ग, इसी रोड से जुड़ने वाली झंडा कलां मोहल्ले की गली, टेलीफोन एक्सचेंज के पास, कनौजिया तिराहा, लाल इमली चौराहा से घंटाघर मार्ग पर उस्मानबाग तक, महमंद हद्दफ, तारीन टिकली, मल्हार मोड़ के पास, ईदगाह तिराहा, हद्दफ पुलिस चौकी-कनौजिया मार्ग पर महमंद जंगला मोड़ से लेकर लोहारों का चौराहा तक, टाउनहाल ओवरब्रिज के नजदीक, टैंपो स्टैंड, शहीद उद्यान, नगर निगम कार्यालय के पीछे स्थित तिराहा, बाबा विश्वनाथ मंदिर के पास बने रैनबसेरा, हुसैनपुरा, हयातपुरा के अंदरूनी रास्तों, बक्सरिया, जिया खेल, मतानी आदि मोहल्लों के रास्तों पर पानी भर गया। बारिश थमने के एक घंटे बाद सड़कों, गलियों में पानी भरा रहने से लोगों को उधर से आने-जाने में खासी कठिनाई हुई।
तेज हवा से कई जगह फाल्ट
शुक्रवार को सुबह झमाझम बरसात के साथ चली तेज पछुआ हवा ने महानगर के पावर नेटवर्क को बुरी तरह हिला दिया। इससे कई स्थानों पर 33 केवी और 11 केवी की हाईटेंशन लाइनों के तार आपस में टकराने से शार्ट सर्किट हुए तो लाइन फाल्ट हो गए। हथौड़ा बिजली उपकेेंद्र की 33 केवी मेन लाइन के तार टूटने से एक घंटे तक उपकेंद्र वहां से निकलने सभी फीडरों की बत्ती गुल रही। यह लाइन फाल्ट ठीक होने के बाद भी अंटा, रेती और एनटीआई फीडर की 11 केवी लाइनें शार्ट सर्किट की चपेट में आने से दोपहर 1.30 बजे तक बंद रहीं। हालांकि, हाईटेंशन लाइनों को शार्ट सर्किट से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए महानगर के कई उपकेंद्रों के सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति करीब आधा घंटे को रोक दी गई, लेकिन बारिश थमने के बाद गीली हुई लाइनें ट्रिपिंग के शिकंजे में आ गईं। ककरा कलां पावर सब स्टेशन के मामुड़ी और आनंदपुरम फीडर की 11 केवी लाइनों को कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन दोपहर 12 बजे तक उनमें ट्रिपिंग से संबंधित इलाकों की बिजली बार-बार गुल होती रही। उधर, बिजली पोल लगाने को हयातपुरा फीडर पर सुबह सात बजे से 11 बजे तक शटडाउन लिया गया, लेकिन बारिश से पोल लगाने के काम में बाधा पड़ गई और इस फीडर की बिजली सप्लाई दोपहर 12 बजे के बाद चालू हो सकी।