शाहजहांपुर। होली पर निकलने वाले लाट साहब के जुलूस में होने वाले हुड़दंग से रंग में भंग पड़ने से रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरा होमवर्क कर रहा है। दूसरी ओर आयोजकों ने भी अपनी तैयारी कर ली है। संवेदनशील स्थानों व चौराहों से जुलूस को सकुशल निकलवाने के लिए प्रभावशाली लोगों से संपर्क साधकर मदद मांगी गई है। साथ ही धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए कमेटी तैयार की जा रही है।
चार मार्च को चौकसी से बड़े लाट साहब का जुलूस प्रारंभ होगा। जुलूस चौक कोतवाली व सदर क्षेत्र के करीब सात किलोमीटर के रास्ते को तय करता है। जुलूस को देखते हुए रास्ते में पड़ने वाले धार्मिकस्थलों को तिरपाल से ढक दिया गया है। कई जगहों पर बैरीकेडिंग भी कराई गई है। गैरजनपद से पुलिस और आरएएफ के जवान भी मांगे गए हैं।
जुलूस को लेकर एडीजी, आईजी तक गणमान्य लोगों से संवाद कायम कर चुके हैं। जुलूस में किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न न हो, इसके लिए आयोजकों ने खाका खींचा है। आयोजकों ने जुलूस रूट के प्रमुख स्थानों पर गणमान्य लोगों से संपर्क साधा है। उनसे घर के अंदर रहने के बजाय बाहर आकर जुलूस निकलवाने का अनुरोध किया है। आयोजक संजय वर्मा के अनुसार, संवेदनशील व तिराहों-चौराहों पर गणमान्य लोग रहेंगे तो हुड़दंगी लाट साहब की भैंसागाड़ी निरंतर चलती रहेगी और जुलूस संकुशल संपन्न हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बार कमेटी की ओर से टीम तैयार की जा रही है, जो धार्मिक स्थलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगी।
पुराने लाट साहब को तरजीह, एक रिजर्व में रखा
बड़े लाट साहब के जुलूस की तैयारियों पूरी कर ली गई हैं। भैंसागाड़ी भी तय कर ली गई है। लाट साहब भी संपर्क में आ गए हैं। आयोजन कमेटी पुराने वाले लाट साहब को तरजीह दे रही है, जबकि एक व्यक्ति को रिजर्व में रखा गया है। होली के नजदीक आते ही लाट साहब की खातिरदारी शुरू कर दी जाएगी।
चौक से एक ही निकलेगा जुलूस
आयोजक संजय वर्मा ने स्पष्ट किया कि चौक से बड़े लाट साहब का एक ही जुलूस निकाला जाएगा। बताया कि किसी ने दो जुलूस निकालने की अफवाह उड़ा दी है, जो कि पूरी तरह से भ्रामक है।
000000
जुलूस के मार्ग पर प्रतिबंधित रहेंगे सभी वाहन
शाहजहांपुर। छोटे एवं बड़े लाट साहब के जुलूस और होलिका दहन को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जोनल, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ बैठक हुई। डीएम ने कहा कि ड्रोन और सीसी कैमरों से जुलूसों की निगरानी की जाएगी। जुलूस मार्गों पर दो पहिया और चारपहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
डीएम ने कहा कि अधिकारी अपने ड्यूटी प्वाइंट एवं उसके आसपास के क्षेत्रों का गहन निरीक्षण करते हुए स्थानीय नागरिकों से समन्वय स्थापित करें और उनके नाम एवं संपर्क विवरण की सूची तैयार रखें। उन्होंने विद्युत निगम को ढीले एवं जर्जर विद्युत तारों को ठीक कराने, ट्रांसफाॅर्मरों को सुरक्षित रूप से ढकने और जुलूस मार्ग एवं संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी निर्धारित समय से पूर्व अपने ड्यूटीस्थल को नहीं छोड़ेगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी निर्धारित समय से पूर्व अपने क्षेत्रों में पहुंचकर होलिका दहन स्थलों पर साफ-सफाई, बालू की उपलब्धता आदि की व्यवस्था पूर्ण करे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जुलूस के दौरान तीन एंबुलेंस सहित पर्याप्त औषधियों एवं चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था करने के लिए कहा गया है।
एसपी राजेश द्विवेदी ने सुरक्षा इंतजाम के बारे में जानकारी दी। इस दौरान एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एडीएम एफआर अरविंद कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे। संवाद