जलालाबाद। भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग बढ़ने के साथ नगर के करीब आधा दर्जन ट्रांसफाॅर्मर ओवरलोडिंग से खराब होने लगे हैं। रात के समय बिजली लाइनों पर भार बढ़ने के साथ ही कहीं ट्रांसफाॅर्मर खराब हो रहे हैं तो कहीं लो वोल्टेज और ट्रिपिंग से बार-बार बत्ती गुल होने की समस्या उत्पन्न हो रही है।
सोमवार की रात करीब दस बजे ओवरलोडिंग के कारण थाने के पास लगे दो ट्रांसफाॅर्मर में से एक का फ्यूज उड़ गया। इस खराबी को कुछ देर बाद ठीक कर लिया गया, लेकिन रात करीब तीन बजे अन्य कोई कमी आ जाने से उसी ट्रांसफाॅर्मर से जुड़े मोहल्ला वर्कजई, ब्रह्मनान और खेड़ा की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। मंगलवार को सुबह 9:30 बजे के बाद इन मोहल्लों में बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी। विद्युत उपकेंद्र के प्रभारी अवर अभियंता यश गुप्ता ने बताया कि थाने के पास, मुख्य चौराहा, बरेली हाईवे तथा गुनारा मोड़ सहित करीब आधा दर्जन स्थानों पर जल्द ही अधिक क्षमता के ट्रांसफाॅर्मर लगाए जाएंगे। संवाद