अप्रैल माह में प्रस्तावित हड़ताल पर रेलकर्मियों का रुख भांपने के लिए विभिन्न रेल यूनियनें राय शुमारी में जुट गई हैं। उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन के मतदान नतीजे शत प्रतिशत हड़ताल के पक्ष में जा चुके हैं। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार से नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन ने मतदान की दो दिवसीय प्रक्रिया शुरू की। पहले दिन नरमू से जुड़े करीब 65 फीसदी कर्मचारियों ने वोट डाले।
सातवें वेतन आयोग की विसंगतियां दूर किए जाने सहित अन्य तमाम मांगों को लेकर ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन ने विभागीय यूनियनों के सहयोग से 11 अप्रैल को अखिल भारतीय स्तर पर रेलों का चक्का जाम करने की योजना बनाई है। अगले माह 11 मार्च को केंद्र सरकार को हड़ताल का नोटिस देने से पहले रेल यूनियनें कर्मचारियों का मन टटोलने में जुटी हैं। उरमू हड़ताल के लिए मतदान की पहल कर चुकी है।
इसी कड़ी में नरमू के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे से दो दिवसीय मतदान प्रक्रिया आरंभ कराई। इसके लिए यूनियन के शाखा अध्यक्ष ओंमशिव अवस्थी, सचिव नरेंद्र त्यागी, सहायक सचिव राकेश मिश्रा आदि ने विभिन्न अनुभागीय कार्यालयों में मत पेटिकाएं रखवाईं। प्रवर रेल पथ निरीक्षक कार्यालय में ट्रैक मैनों ने नई पेंशन नीति के विरोध को मुद्दा बनाकर मतदान में दिलचस्पी दिखाई।
इसी कड़ी में आईओडब्ल्यू ऑफिस, स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, पार्सल घर आदि स्थानों पर बैलेट बॉक्स तब तक रखे गए, जब तक कि सारे कर्मचारियों ने वोट नहीं डाल दिए। शुक्रवार को टीसी ऑफिस, सीआईटी आफिस, आरक्षण कार्यालय, सी एंड डब्ल्यू ऑफिस आदि में मतदान कराया जाएगा। यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार शाम पांच बजे मतदान की समाप्ति के बाद वोटों की गिनती कररके रिपोर्ट केंद्रीय महामंत्री शिव गोपाल मिश्र को भेजी जाएगी।