डॉ. अंबेडकर स्टूडेंट फ्रंट ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय से संबद्ध मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग कॉलेजों में हुए शुल्क प्रतिपूर्ति एवं छात्रवृत्ति घोटाले की जांच कराने की मांग की और कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा।
जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार टाइगर ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थाएं छात्रों का शोषण कर रही हैं और शुल्क प्रतिपूर्ति एवं छात्रवृत्ति के लिए वास्तविक संख्या से अधिक दिखाकर धांधली की जा रही है। जांच अधिकारियों की लीपापोती के कारण दोषियों को सजा नहीं मिल रही है। उन्होंने घोटाले की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। प्रदर्शन के बाद सात सूत्री ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा गया। प्रदर्शन करने वालों में दिलीप कुमार, अरविंद कुमार, रमेश कुमार, राहुल, लक्ष्मण प्रसाद, रोहित आदि शामिल रहे।