शाहजहांपुर। सर्दी में टूटी हड्डी का दर्द बढ़ जाता है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में रोजाना टूटी हुई हड्डियों के दर्द लिए मरीजों की लंबी कतार लग रही है। चिकित्सक इलाज के साथ ही सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में रोजाना एक हजार से अधिक मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। इनमें 50 से अधिक मरीज जोड़ों, पीठ और मांसपेशियों में तेज दर्द की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। धूप न मिलने से हड्डियां कमजोर हो रही हैं। चिकित्सकों का कहना है कि विटामिन डी की कमी से रोग-प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर हो जाती है, जिससे सर्दी, जुकाम और संक्रमण बार-बार होने लगता है।
कुछ मामलों में चोट या सर्जरी के बाद घाव भरने में भी ज्यादा समय लग रहा है। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि सर्दी में टूटी हड्डी का दर्द परेशान कर सकता है। क्योंकि ठंड से जोड़ों में अकड़न और सूजन बढ़ती है, जिससे पुराने घाव या फ्रैक्चर वाली जगह पर दर्द बढ़ जाता है।
लक्षण और बचाव
पीठ, घुटनों और जोड़ों में लगातार दर्द, बिना काम किए भी शरीर में टूटना, बालों का अधिक झड़ना, तनाव और उदासी महसूस होना, बार-बार सर्दी-जुकाम और संक्रमण, पूरी नींद के बाद भी थकान, रोज सुबह हल्की धूप में कुछ समय जरूर बैठें, योग और प्राणायाम को दिनचर्या में शामिल करें, डॉक्टर की सलाह से दवा या सप्लीमेंट लें।
(जैसा राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया )