जलालाबाद में सुजावलपुर जाने वाले लिंक रोड से पहले टूटे नाले के पटले। स्रोत : ग्रामीण
जलालाबाद। लिपुलेख-भिंड हाईवे को बरेली मोड़ से याकूबपुर तिराहा तक फोरलेन बनाए जाने के साथ हाईवे के किनारे निर्मित किए गए नाले से कई गांवों का आवागमन प्रभावित हो गया है। कई गांवों के परेशान ग्रामीण सोमवार को एसडीएम प्रभात राय से मिले और उन्हें ज्ञापन देकर अपनी समस्या बताते हुए उसका निदान कराने की गुहार लगाई।
ग्रामीणों ने एसडीएम को बताया कि हाईवे फोरलेन बनाने के साथ करीब एक माह पहले विश्रामनगर, ककरहा, शुजावलपुर आदि गांवों के सामने आबादी के पास नाला निर्माण किया गया है। वहा से अन्य कई गांवों को जाने के लिए संपर्क मार्ग हैं। ग्रामीणों का आरोप है नाला निर्माण में घटिया सामग्री का अत्यधिक प्रयोग किए जाने से गांवों के लिए जाने वाले संपर्क मार्ग के मोड़ पर नाले के ऊपर डाले गए सीमेंट के स्लैब टूट गए हैं।
परशुराम मंदिर जाने के लिए नया मार्ग भी वहां नजदीक से होकर निकला है। नाले के स्लैब टूट जाने से वाहनों का आवागमन ठप हो गया है। इस कारण उन्हें कई किमी का चक्कर काटकर दूसरे रास्तों से आवाजाही करनी पड़ रही है। एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं से बात कर समस्या का निदान जल्द कराने का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में सौरभ कुशवाहा, अहिबरन, सालिगराम, प्रमोद कुमार, रवींद्र कुमार, अनुराग आदि शामिल रहे।