प्लास्टर किए जाने के दौरान नवनिर्मित दीवार ढहने से सिर में आई गंभीर चोटों के कारण एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राज मिस्त्री घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुवायां-शाहजहांपुर मार्ग पर गांव बड़ागांव के आगे थिंद ईंट भट्ठे पर सिंधौली के गांव शिवनगरा निवासी रामलखन दीवार पर प्लास्टर कर रहा था। उसके साथ गांव ही 25 वर्षीय रंजीत मजदूरी कर रहा था। सोमवार दोपहर बाद नव निर्मित दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। दीवार गिरने से धमाके की आवाज होते ही भट्ठे पर खलबली मच गई। मुनीम सहित तमाम श्रमिक दौड़कर मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर रंजीत की बाहर निकाला, लेकिन दीवार की बीम सिर पर गिरने से रंजीत की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। राज मिस्त्री रामलखन को गंभीर हालत में मलबे से निकाला गया। उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
जानकारी पाकर आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सीओ उमेश शर्मा, कोतवाली प्रभारी राजीव मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रंजीत की मौत के मामले में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। मृतक अपने पीछे पत्नी किरन देवी, पिता विजयपाल और चार भाई छोड़ गया है।
एक वर्ष पूर्व ही हुई थी रंजीत की शादी
पुवायां। मजदूर रंजीत की शादी एक वर्ष पूर्व ही बंडा के गांव पिपरी निवासी किरन से हुई थी। किरन के अभी कोई संतान नहीं है। रंजीत के साथ उसकी जिंदगी हंसी खुशी से गुजर रही थी, लेकिन अचानक रंजीत की मौत हो जाने से किरन का रो रोकर बुरा हाल है।
गारे से जुड़ी थी 15 फिट ऊंची दीवार
प्लास्टर से पहले पानी से खुब भिगोई गई दीवार
पुवायां। थिंद ईंट भट्ठे पर दीवार गिरने से श्रमिक की मौत के मामले में भट्ठा स्वामी की लापरवाही सामने आई है। भट्ठे पर कच्ची ईंट का स्टाक करने के लिए 15 फिट ऊंची दीवार का निर्माण कराया गया, लेकिन दीवार को मिट्टी के गारे से जुड़वा दिया गया, जिससे दीवार काफी कमजोर थी। इसके बाद दीवार पर प्लास्टर कराया जाने लगा। प्लास्टर से पूर्व दीवार को पानी से खूब तर कर दिया गया, इससे गारा फूल गया और कुछ स्थानों पर गारा दीवार से निकलकर बह गया। इससे दीवार ढह गई और रंजीत की मौत हो गई।
रंजीत की मौत की सूचना पाकर परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। इसके बाद भट्ठा स्वामी ने परिवार के लोगों से मामले को रफा दफा करने के लिए बात शुरू कर दी। मृतक के भाई दिनेश ने पुलिस को लिखकर दिया है कि दीवार निर्माण के दौरान अचानक हादसा होने से भाई रंजीत की मौत हुई है। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।