शाहजहांपुर। ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने कहा कि नौनिहालों पर भविष्य में देश की बड़ी जिम्मेदारी है। यही हमारे देश की कर्णधार बनेंगे। सरकार अपनी नीतियों के माध्यम से लगातार इनकी शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने का प्रयास कर रही है।
वह ददरौल बीआरसी पर आयोजित मेरे आंगन मेरे बच्चे कार्यक्रम में बोल रहे थे। कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। इसके लिए सतत प्रयास कर खमरिया ग्राम में खेल स्टेडियम के निर्माण की स्वीकृति शासन से कराई है।
विशिष्ट अतिथि सीडीपीओ किंचित कृष्णा ने कहा कि विभाग से पुष्टाहार, वंडर किट एवं लर्निंग काॅर्नर आदि के माध्यम से आंगनबाड़ी में नामांकित बच्चों के लिए रोचक व स्वास्थ्यप्रद शिक्षा के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
अध्यक्षता करते हुए बीईओ ददरौल सुरेंद्र मौर्य ने कहा कि आंगनबाड़ी व प्राथमिक विद्यालयों में संयुक्त रूप से बालवाटिकाओं का संचालन किया जा रहा है। इससे पूर्व कंपोजिट विद्यालय अकर्रारसूलपुर के बच्चों ने राजकमल मिश्र और श्रुति शर्मा के नेतृत्व में मां सरस्वती की वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। एआरपी ओमप्रकाश राजपूत, हरिकिशोर दीक्षित, नवनीत तिवारी, पृथ्वीराज, धीरज रस्तोगी, राम शंकर यादव, रजनीश सिंह, अखिलेश मिश्रा आदि मौजूद रहे। संवाद