गुरु नानकदेव महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष में निकली भव्य नगर कीर्तन यात्रा
श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा और प्रसाद बांटकर किया स्वागत
सिखों के आराध्य गुरु नानकदेव महाराज के 549वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष मेें गुरुवार को नगर कीर्तन यात्रा धूमधाम से निकाली गई। कीर्तन यात्रा में स्कूली बच्चों के कार्यक्रम और गतका पार्टी के हैरतअंगेज करतब मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे।
गुरुद्वारा कुटिया साहिब से संत गुरनाम सिंह (उचौलिया वाले) की अगुवाई में निकली नगर कीर्तन यात्रा में शामिल गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी के समक्ष श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर प्रसाद अर्पित किया और सुख-समृद्धि की कामना की। कीर्तन यात्रा लाल इमली चौराहा, तारीन टिकली, घंटाघर, मशीनरी मार्केट, बहादुरगंज, सदर बाजार, गोविंदगंज होते हुए गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में संपन्न हुई। मल्हार टॉकीज तिराहे पर पूर्व विधायक राजेश यादव ने कीर्तन यात्रा का स्वागत किया। इसी क्रम में पंजाबी महासभा की ओर से अध्यक्ष विजय तुली, लाजपत बत्रा, चंद्र प्रकाश गुलाटी, सुशील नारंग, सुनील गुप्ता आदि ने कीर्तन यात्रा का स्वागत पुष्पवर्षा से किया।
घंटाघर के समक्ष तजिंदर सिंह, बिट्टू टीटी, जीवन जिंदल, सतवीर गांधी आदि ने प्रसाद वितरित किया। इसी तरह गुरुद्वारा श्री सिंह सभा पहुंचने पर हरचरन सिंह, निरंकार सिंह, जवाहर सिंह, परमजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, गैगी माटा आदि ने कीर्तन यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कीर्तन यात्रा में रामपुर की गतका पार्टी ने जहां हैरतअंगेज कारनामे दिखाकर लोगों को स्तब्ध किया। वहीं गुरु नानक पाठशाला और खालसा शिशु शिक्षा सदन के बच्चों ने रंग-बिरंगी पोशाकों में डीजे पर डांस कर सभी का मन मोहा। व्यवस्था में राजेंद्र सिंह, काका सिंह, हरनाम सिंह, कोमल सिंह, बाबा गुरदीप सिंह आदि का योगदान रहा।