शाहजहांपुर। नगर निगम में संभव के तहत मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें कुल 11 शिकायतें आईं। एक का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। सबसे अधिक शिकायतें सफाई व्यवस्था के लिए आईं।
नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्रा ने लोगों की शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। सदर बाजार निवासी कुलदीप चौधरी ने टूटी पाइप लाइन सही कराने, गांधी कॉलोनी में रहने वाले सुशील कुमार ने नाली की सफाई कराने, हुंडाल खेल के पार्षद दिवकार मिश्रा ने सफाई, सीवर व वार्ड में ग्रिल लगवाने की, आदर्श नगर कॉलोनी में रहने वाले अनिकेत शुक्ला ने रोड सही कराने की समस्या उठाई।
रेलवे कॉलोनी निवासी राजकुमार गौतम ने जलकर लगवाने के संबंध में, बाडूजई के फरहान ने सफाई व लाइट लगवाने की, यूनुस खेल निवासी मुख्तार अहमद ने नाले की सफाई के संबंध में, सदर बाजार निवासी अनूप कुमार सिंह ने नाली की सफाई कराने की मांग की। बिजलीपुरा में रहने वाले शिवचरन ने दाखिल-खारिज कराए जाने की मांग की। इस दौरान अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, सहायक नगर आयुक्त राजकुमार गुप्ता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक जल विजय नारायण मौर्य आदि मौजूद रहे।