कलान में फर्रुखाबाद-मुरादाबाद हाईवे पर लगे जाम में फंसी एंबुलेंस। स्रोत: जागरूक पाठक
कलान। फल-सब्जियों के ठेलों और ई-रिक्शा की भरमार से मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर शुक्रवार को दिन में 12 बजे से फिर जाम लग गया। करीब तीन घंटे तक जाम लगे रहने से हाईवे के मुख्य चौराहे से जुड़े सभी रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम में मरीज को ले जा रही एक एंबुलेंस भी आगे निकलने का रास्ता नहीं मिलने से फंसी रही।
हाईवे पर जाम की समस्या का मुख्य कारण उसकी दोनों पटरी पर लगने वाली फल-सब्जी की दुकानें और वहां खड़े होने वाले चाट-पकौड़ी और चाऊमीन, बर्गर और मोमोज के ठेले हैं। बाकी कसर यात्रियों की तलाश में वहां खड़े होने वाले ई-रिक्शे वाले पूरी कर देते है।
इन ठेलों और यात्री वाहनों से हाईवे के चौराहे की दोनों लेन घिर जाने से भारी वाहनों को आगे निकलने का रास्ता नहीं मिल पाता और जाम लग जाता है। शुक्रवार को भी यही हुआ। हाईवे के चौराहे पर विपरीत दिशा से दो ट्रक सामने आए तो वहां जाम लग गया। कुछ ही देर में जाम इतना ज्यादा हो गया कि लोगों को पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया।
जाम में फंसी एंबुलेंस का चालक सायरन बजाता रहा, लेकिन उसे भी आगे निकलने के लिए जगह नहीं मिल सकी। बाद में थाने से भेजे गए होमगार्ड और पीआरडी के जवानों ने काफी मशक्कत कर करीब तीन बजे जाम खुलवाया, लेकिन इसके बाद भी आधा घंटे तक वाहन रेंगते हुए निकल सके।
नगर पंचायत अध्यक्ष हरिनारायण गुप्ता ने बताया हाईवे पर जाम की समस्या का स्थायी निराकरण कराने के अतिक्रमण हटाना आवश्यक है और इस बारे में प्रशासन को अवगत कराकर सहयोग मांगा गया है।