शाहजहांपुर / रोजा। 24 दिसंबर की शाम को रोजा रेलवे स्टेशन के पॉवर केबिन के सामने गरीब रथ एक्सप्रेस की चपेट में आने से दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत के बाद रविवार को नवागत डीआरएम राजकुमार सिंह ने रोजा स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने कई रास्तों को बंद कराए जाने की शिकायत पर कमेटी गठित कर दी। इस बीच सांसद अरुण सागर और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने रोजा में रास्ते बंद करने पर नाराजगी जताई।
हादसे के बाद मुरादाबाद के अफसरों के निर्देश पर पॉवर केबिन के सामने अवैध कट समेत कई रास्तों काे रेलवे ने बंद करा दिया था। इसे लेकर लोगों ने सांसद और वित्त मंत्री से शिकायत की थी। इस बीच तत्कालीन डीआरएम संग्रह मौर्या का तबादला होने के बाद नए डीआरएम राजकुमार ने चार्ज संभाला।
वह रविवार को रोजा रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने सर्वप्रथम उस अवैध कट को देखा, जहां हादसा हुआ था। उन्होंने अवैध रास्ते को पूरी तरह से बंद करने के निर्देश दिए। उसके बाद पाॅवर केबिन का निरीक्षण किया। रास्ते में भाजपा नेताओं ने मालगोदाम के पास में रोड बंद करने पर नाराजगी जताई। कहा कि आमजन किधर से निकलेंगे।
भाजपा महिला मोर्चा की जानकी भारद्वाज ने बताया कि कॉलोनी के रास्ते बंद होने से सुबह मॉर्निग वॉक करने में दिक्कत होगी। इसके बाद डीआरएम सेंट्रल केबिन के सामने रेलवे क्वार्टरों के मरम्मत कार्य को देखने गए। वहां अव्यवस्था मिलने पर सुधार के निर्देश दिए।
करीब तीन बजे उन्होंने शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर एक का निरीक्षण किया। यहां पर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। फिर सांसद अरुण सागर से वीआईपी रूम में बैठक की। बैठक के बाद सांसद के साथ डीआरएम सड़क मार्ग से रोजा पहुंचे। वहीं पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना भी पहुंच गए।
खन्ना ने कहा कि आम रास्ता बंद होने से लोग कहां से निकल पाएंगे। इसे लेकर नाराजगी जताई। नोटिफाइड एरिया स्कूल के पीछे गड्ढे खोदने पर एतराज जताया।
डीआरएम ने आदर्श नगर कॉलोनी समेत अन्य कॉलोनियों के रास्ते बंद होने पर कमेटी बना दी है। कमेटी में स्टेशन अधीक्षक रोजा, आईडब्ल्यू, आरपीएफ के एसआई, कॉलोनी का एक व्यक्ति समेत कई अफसरों को जोड़ा जाएगा। टीम निरीक्षण करने के बाद देखेगी कि कॉलोनी को जाने वाला कोई दूसरा रास्ता है या नहीं। उसके बाद टीम अपनी रिपोर्ट डीआरएम को देगी। सिर्फ रेलवे के मार्ग पर आश्रित होने पर अग्रिम कार्रवाई होगी।
एस्केलेटर के लिए 16 जनवरी से शुरू होगा कार्य
शाहजहांपुर में रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर लगाने के लिए पुल पर गर्डर रखे जाने हैं। इसके लिए 16 से 24 जनवरी तक ब्लॉक लेकर कार्य होने की संभावना है। डीआरएम ने स्पष्ट किया कि रेलवे लाइन पर जहां चाहरदीवारी नहीं है। वहां पर ऐसी व्यवस्था करें कि कोई पटरी पर नहीं आ सके।
हादसे की चल रही जांच : डीआरएम
डीआरएम राजकुमार सिंह ने कहा कि रोजा में हुए हादसे की जांच चल रही है। पूरे मामले का अध्ययन किया जा रहा है। इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए रेलवे के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। बताया कि मंडल में 16 अवैध रेलवे क्रॉसिंग को बंद किया गया है। आरपीएफ को रेलवे क्रॉसिंग पार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे फाटक के किनारे अवैध रास्ते भी चिह्नित किए गए हैं।
डीआरएम को दिया ज्ञापन
आदर्श नगर कॉलोनी का रास्ता बंद करने पर पार्षद अरविंद राजपाल ने विरोध जताया। डीआरएम को बताया कि लगभग 40 वर्षों से इस रास्ते से आवागमन हो रहा है। रास्ते को बंद करना उचित नहीं है। रास्ते से सरकारी एंबुलेंस, स्कूली बस भी नहीं निकल पाती है। डीआरएम ने मालगोदाम के पास से आदर्श नगर काॅलोनी को जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया। वहां नागरिकों ने टिकट खिड़की और रिजर्वेशन काउंटर बनाने की मांग रखी। जिला कांग्रेस कमेटी के विजय सिंह ने ज्ञापन देकर जनता एक्सप्रेस का स्टापेज की मांग की।
प्रस्ताव नहीं बता पाए डीआरएम
रोजा में सांसद अरुण सागर और वित्त मंत्री ने रेलवे के अन्य कर्मियों से रास्तों को बंद करने और जनता को सहूलियत देने के प्रस्ताव की जानकारी ली। करीब चार मिनट तक डीआरएम से लेकर अन्य कर्मचारी अवैध कट को लेकर तैयार किए प्रस्ताव को नहीं बता पाए। वित्तमंत्री ने कहा कि हम नही चाहते हैं कि इस तरह से रास्तों को बंद किया जाए। जिससे स्थानीय लोगों को दिक्कत हो।
रोजा में बंद कराए अवैध रास्ते को देखने जाते डीआरएम राजकुमार सिंह। स्रोत: जागरूक पाठक