शाहजहांपुर। फरवरी माह के दूसरे सप्ताह में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। न्यूनतम तापमान सामान्य से कम चल रहा है। बुधवार को भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई। वायुदाब बढ़ा हुआ है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में इजाफे का अनुमान है। बृहस्पतिवार को मौसम शुष्क बना रहेगा।
मंगलवार रात गलन में इजाफा हुआ। रात में कोहरा भी छाया, जिसका असर सुबह तक नजर आया। दिन में तेज धूप निकली। फरवरी माह में अधिकतम सामान्य तापमान 20.4 डिग्री और न्यूनतम 12.5 डिग्री सेल्सियस रहता है। गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि होने का अनुमान है। बुधवार को अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा था। अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री की वृद्धि हुई है।
उन्होंने बताया कि वायुदाब 14 मिलीबार बढ़ा हुआ है। पछुआ हवा चल रही है। न्यूनतम तापमान में मामूली और अधिकतम तापमान में अधिक वृद्धि होने की संभावना बन रही है।