पुवायां। पेंशन दिलाने के नाम पर जमीन का बैनामा कराने के मामले में महिला ने तहरीर दी है। पुलिस ने जांच की बात कहते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गांव रामपुर जमीने सतवां बुजुर्ग निवासी नरायन की पत्नी गुधनी देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति की मृत्यु हो चुकी है। गांव में ही उनके नाम जमीन है। वह अपने पौत्र के साथ रहती हैं।
14 जुलाई को वह पुत्री आरती देवी के घर पीलीभीत के थाना बिलसंडा के गांव भदेंग गईं थीं। वहां परिवार का ही एक युवक अपने मामा के साथ आया और विधवा पेंशन दिलाने के कागज तैयार होने की बात कहते हुए कार्यालय चलकर अंगूठा लगा देने के लिए कहा।
उनको तहसील ले जाकर कई जगह अंगूठा लगवा लिया गया, लेकिन किसी कर्मचारी ने उनको बैनामा होने के बारे में जानकारी नहीं दी। बाद में पता चला कि पेंशन दिलाने के नाम पर उनसे जमीन का बैनामा करा लिया गया है। महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। संवाद