शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडियट प्रयोगात्मक परीक्षाएं दो चरणों में आयोजित होंगी। पहले चरण में 24 जनवरी से एक फरवरी के मध्य परीक्षा होगी। डीआईओएस ने परीक्षा कराने के लिए प्रधानाचार्यों को पत्र जारी किया है।
परिषद ने पहले चरण में बरेली मंडल के जिलों को शामिल किया है। इसके तहत जिले में 24 जनवरी से एक फरवरी तक परीक्षा होगी। 29 व 30 जनवरी को यूपी टीईटी की लिखित परीक्षा होने के चलते दोनों तिथियों में कोई परीक्षाएं नहीं होगी। डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं के संबंध में अन्य जानकारियां क्षेत्रीय कार्यालय से दी जाएंगी।
परीक्षकों की नियुक्ति भी क्षेत्रीय कार्यालय से होगी। परीक्षाओं की शुचिता को बनाए रखने के लिए सीसी कैमरों की निगरानी रहेगी। उसकी सारी रिकॉर्डिंग डीवीआर में सुरक्षित रखी जाएगी। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा गत वर्ष की तरह विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर होंगी। परीक्षार्थी अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल होंगे।
डीआईओएस ने बताया कि हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा नैतिक, योग, खेल व शारीरिक शिक्षा के आंतरिक मूल्यांकन पर हाेगी। इसी तरह इंटरमीडियट की प्रयोगात्मक परीक्षा के प्राप्तांक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।
प्रथम सप्ताह में होंगी प्री बोर्ड परीक्षाएं
विद्यालय स्तर पर आयोजित कराई जाने वाली हाईस्कूल व इंटरमीडियट की प्री बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षा जनवरी के प्रथम सप्ताह में होंगी। परीक्षा को कराने के लिए प्रधानाचार्य को निर्देश दिए हैं। कक्षा नौ व 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी के अंतिम सप्ताह व फरवरी के प्रथम सप्ताह में होंगी।
शाम तक इंतजार, नहीं जारी हुई सूची
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडियट की परीक्षा के लिए बुधवार को फाइनल सूची जारी होनी थी, लेकिन पूरे दिन के इंतजार के बाद भी सूची जारी नहीं की गई। जनपद में 126 केंद्रों पर परीक्षा कराने के लिए सूची में शामिल किए गए हैं। अब बृहस्पतिवार को सूची आने की संभावना है।